Thursday, September 14, 2017

राह राहगीर और मंज़िल



Related imageबहुत दिन हो गए कुछ लिखे हुए , बारिश में झमझमाती बूंदों के बीच एक बुलबुला दिखा जो पानी के साथ बह रहा था। कुछ देर उसे देखता रहा और उसके सफर को समझने की कोशिश की।







बहते पानी में वो बुलबुला, मुझसे नज़रें मिलाना चाहता है ,
         वक़्त कुछ ही बचा है शायद , जल्दी में कुछ बताना चाहता है,
                            लड़खड़ाकर,रूककर, भाग भी रहा है वो ..... - 2
                                          शायद ग़म छुपाकर मुझे हँसाना चाहता है
                                                    बहते पानी में वो बुलबुला नज़रें मिलाना चाहता है।



सोचा कुछ पल रोक कर हाल चाल पूछ लूँ,
        रास्ते में मिली चढ़ाई और ढलान पूछ लूँ ,
                   सफर छोटा सा उसका , पर हौसलों से भरा......-2
                             सफर में थोड़ा आराम और थकान पूछ लूँ
                                      सोचा कुछ पल रोक कर हाल चाल पूछ लूँ।



                                                        बुलबुलों की भीड़ थी , अब अकेला चल रहा हूँ मैं
                                                                     बताया उसने ,कि अब खुद ही संभल रहा हूँ मैं
                                                                                 पानी में बहना है तो पानी से बैर कैसा......-2
                                                                                         वक़्त लगा समझने में , खुद को बदल रहा हूँ मैं
                                                                                                बताया उसने कि अब खुद ही संभल रहा हूँ मैं



मैं मुस्कुराया उसे देख के, अपनी कहानी याद आ गयी,
           कुछ यूँ ही चला था मैं भी,बातें पुरानी याद आ गयी,
                   मिलना बिछड़ना लगा रहा और दिल भी समझ गया .....- 2
                           यादों कि गठरी खुली,वो निशानी याद आ गयी,
                                    कुछ यूँ ही चला था मैं भी बातें पुरानी याद आ गयी




अलविदा कह सका था उसे , कि वो नज़रें हटाना चाहता था,
            सफर पूरा हुआ उसका,वो पानी में समाना चाहता था,
                   कुछ कहने की चाह थी , पर अब वो न था......  - 2
                         फिर मिलेंगे अगले सफर में, मैं ये बताना चाहता था
                                अलविदा कह सका था उसे ,कि वो नज़रें हटाना चाहता था

बुलबुला पानी में मिल चुका था , पानी में ही तो बना था वो।  पानी ही सफर था , पानी ही तकदीर थी  और पानी ही मंज़िल भी। तलाश किसकी थी पता नहीं। कुछ बुलबुले सा ही सफर है अपना भी।

फिर एक नए  सफर की तलाश में  ......
- रोहित जोशी



Tuesday, June 13, 2017

हसरतों के बीज़

आज फिर से कुछ लिखने बैठा हूँ लेकिन आज कुछ कविता या बंधनों में रह के लिखने का मन नहीं कर रहा , आज बस बह जाने का मन है । पुरानी  हसरतों को याद करते हुए नयी ख़्वाहिशों के बीज़ बोने का मन है ।


कभी कुछ हसरतों के बीज़ बोये थे आज फिर से कुछ नए बीज़ बोने का मन है लेकिन साथ में पुरानी हसरतों के जो बीज बोये थे उन्हें भी याद करना ज़रूरी था । क्या पता ये नयी हसरतों के  बीज़ पुरानी हसरतों के साथ ज़मीन बाँट रहे हों या हो सकता है कि कुछ बीज़ बोते ही ख़त्म हो गए और सूखी ज़मीन नयी उम्मीद लगाए बैठी हो । 
ठहराव में उम्मीदें दम तोड़ देती हैं । बहता पानी  ऊर्जा समेटे हुए बस चल पड़ता है , ना रास्ते की परवाह और ना अंजाम से डर । इसी बात को सोच कर नयी हसरतों के बीज़ बोने का मन बना लिया है । 
वो पुरानी हसरतें याद आयी तो उनके बनने और बिगड़ने का दौर भी याद आया । कुछ नाज़ुक बीजों को सजो कर रखते हुए भी उनका हालातों के सामने दम तोड़ देना भी याद आया । हसरतें भीड़ में खो जाएँ तो अलग बात है लेकिन जब  हसरतों को हालात से लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया जाए तो वो ख़ुद "क़ातिल का आत्महत्या" करने से ज़्यादा कुछ नहीं । 

"वो यादों के महल , वो ख़्वाबों के महल ।
वो ख़्वाहिशों की लड़ियाँ , वो नवाबों के महल ।
उलझते हालात और बिखरे हसरतों के धागे ,
वो माँगे हुए पल और हिसाबों के महल ,
वो ख़्वाहिशों की लड़ियाँ वो नवाबों के महल ।।"

Image result for seeds of desire


कुछ बीज़ बिना किसी परवाह के किसी भी हालात में बस आगे निकल पड़ते हैं , ये ज़िद्दी क़िस्म के बीज़ हैं जो अपनी क़िस्मत ख़ुद से लिखते हैं। कुछ ऐसे ही बीज़ बोने हैं अब । इस बार हसरतों के बीजों में जिद्द की खाद डाली जाएगी ताकि हालातों को भी लड़ने में तैयारी करनी पड़े । ये कुछ अलग नस्ल,अलग क़िस्म के बीज़ होंगे। 

इस बार फिर से बीजों को बो दिया है और उम्मीद है कि जिद्द की खाद पे बोए हसरतों के बीज़ फूलेंगे और गुलिस्ताँ भी बनेगा । और हाँ जो हसरतें अधूरी रह गयी उनके लिए नए बीज़ बोएँगे और नयी ज़मीन तलाशी जाएगी । उम्मीद है वो हसरतें फिर से खिलेंगी .. उम्मीद पे दुनिया क़ायम है जनाब । ..... बस बहते रहिए ...

-  रोहित जोशी 

Friday, February 3, 2017

पंजाब का घमासान

पंजाब से खबरीलाल की रिपोर्ट :


पंजाब में चुनाव हैं और इसी बीच राहुल गाँधी ने तहलका मचाते हुए चुनावी घमासान में अपनी एक चाल से सारे विरोधियों को जबरदस्त झटका दे दिया है.

आज सुबह सुबह 11 बजे राहुल गाँधी ने एलान कर दिया कि पंजाब चुनाव जीतने पर कांग्रेस पार्टी हल्दीराम भुजिया नमकीन को सारे पंजाब वासियों में मुफ्त बांटेगी. हालाँकि प्रत्येक परिवार को हर दिन 10 रूपये
वाला 1 पैकेट दिया जायेगा. राहुल गाँधी ने बताया है कि कांग्रेस के इस प्रयास से किसानों को आलू उत्पादन और आमदनी में मुनाफा होगा और साथ ही युवाओं को चकना कम पड़ने की समस्या से छुटकारा भी मिल जायेगा. इस घोषणा की हर तरफ जबरदस्त प्रसंशा हो रही है और पंजाब का युवा वर्ग बहुत उत्साहित है. कांग्रेस युवा कमेटी नए नारे के साथ मैदान में उतर आयी है .

"जन जन की है यही पुकार
चकना देगी कांग्रेस सरकार"

Image result for hangover funny
घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्त्ता 


सकते में आये विरोधियो में से एक आम आदमी पार्टी के एकमात्र बहुचर्चित नेता अरविन्द केजरीवाल ने इस कदम को हमेशा की तरह 'असंवैधानिक' बता डाला है. आम आदमी पार्टी ने भी चुनाव जीतने पे हर गली में  निम्बू सोडा के फ्री स्टोल लगाने का वायदा कर दिया है. केजरीवाल ने कहा कि भले ही पंजाब में नशे के हालात न सुधरें लेकिन नशेड़ियों की हालत में सुधार आना चाहिए. बरखा दत्त ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे हैंगओवर को चुनौती देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है.

" पांच साल केजरीवाल , निम्बू सोडा तेरे नाल "  का नारा भी जोर पकड़ने लगा है.


Image result for aap volunteer drinking
1 पेग पे मिलने वाले निम्बू सोडा की मात्रा बताते केजरीवाल 


अफरातफरी में अकाली दल ने भी दवाई डिस्प्रिन को फ्री करने का वादा  किया है और हर जेब में एक डिस्प्रिन अनिवार्य रूप से रखने का कानून बनाने में जोर दिया है . बादल बंधुओं का कहना है कि इस फैसले से फार्मा इंडस्ट्री में उछाल आएगा और साथ ही हैंगओवर से होने वाले सर दर्द से राहत भी मिलेगी.  सरकार नशे की हर समस्या से लड़ने के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है.



अमित शाह ने भी बीजेपी की ओर से  नशे की समस्या दूर करने के लिए रजनीगंधा के साथ तुलसी फ्री देने का वादा किया है और जोर देकर कहा है कि इससे युवाओं में नए तरीके के शौक पैदा कर के बाकि समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है.

नारा है ,
"अबकी बार , रजनीगंधा मेरे यार"

Image result for bjp volunteer rajnigandha
मिश्रा जी की दुकान के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़



शानदार माहौल है और जनता एक मिली जुली सरकार की आस लगाए बैठी है.
अखिल भारतीय बेवड़ा संघ ने सारी घोषणाओं का स्वागत किया है.

बाकी समाचार चुनावी नतीजो के बाद.


-रोहित जोशी
कार्यकर्ता

Thursday, December 17, 2015

प्रभु केजरीवाल का महाभारत अवतार



यह घटना उस समय की है जब "कलियुग" समाप्ति के बाद द्वापर युग का आरम्भ हुआ. महाभारत अत्यंत रोचक दौर से गुजर रहा था. सेनाएं कौरवों और पांडवों में बँट रही थी और पांडवों ने भगवान श्री कृष्ण को अपने खेमे में लेके आधा मैदान जीत लिया था. दुर्योधन के पास भगवान श्री कृष्ण की सेना थी और वो "बाबा जी की बूटी" वाले गाने को सीरियसली लेते हुए बूटी पिए हुए मस्त था. लेकिन शकुनि मामा ने सही समय पर दुर्योधन के आँखों में जमी हुई 'गुडगाँव की धूल 'साफ़ करी ,बूटी फेंकी और बोले " हे दुर्योधन प्रदुषण बढ़ गया है. गुडगाँव की धूल ने तुम्हारी आँखें बंद कर दी हैं  और लड़कियों ने तुम्हारी साँसे बंद कर दी हैं .गार्नियर मैन फेसवॉश से चेहरा धो के आओ और फिर युद्ध की रणनीति बनाते हैं."


दुर्योधन नें तुरंत एक "पत्निव्रता पति" की तरह आज्ञा का पालन किया और फेयर एंड हैंडसम होकर मामा के पास पहुँच गया. शकुनि मामा इंटरनेट के बहुत बड़े ज्ञानी थे और उन्हें प्रोक्सी सर्वर की 100 से भी ज्यादा साइट्स मुँह जबानी याद थी. उन्होंने द्वापर युग के भगवान श्री कृष्ण को मात देने के लिए कलियुग के युगपुरुष केजरीवाल जी सहायता लेने का मन बना लिया.

शकुनि मामा युगपुरुष को धरती पर लाने के उपाय गूगल में ढूंढने लगे. दुर्योधन ने जैसे ही युगपुरुष केजरीवाल जी के कारनामो के बारे में सुना उसने एक बार अपनी ही जगह पे घूम के "यू टर्न" लेके युगपुरुष को 'सहारा प्रणाम' किया और "आम आदमी ज़िंदाबाद" के पूरे तीन नारे लगाये.

गूगल के पहले 3 पेजों की सारी वेबसाइट छान मारी लेकिन भगवान केजरीवाल के जितने रूप उतने ही उनके धरती पर आने के उपाय. शकुनि मामा तो एकदम कन्फुजिया गए और दुर्योधन ने मन को शांत करने के लिए प्रभु केजरीवाल का ध्यान कर के "यही तो स्कैम है जी" का तीन बार अंतर्मन से उच्चारण किया.

अंत में दुःशासन की मदद ली गयी जो की वेब सर्फिंग का एक माहिर खिलाडी माना जाता था, लेकिन प्रभु केजरीवाल की लीला तो वो ही जानें. यकीन मानिये दुःशासन ने भी हार मान के टॉप 3 वेबसाइट में "आदा पादा" वाले मन्त्र से एक बेस्ट वेबसाइट का चुनाव किया. समस्या दूर हुई और उपाय सामने थे.

प्रभु केजरीवाल का वाहन - आम गिरगिट

पहला उपाय - प्रभु केजरी के वाहन 'गिरगिट' के साथ लाल,पीने, नीले और हरे रंग में सेल्फ़ी
दूसरा उपाय - 1000 लोगों पे अलग अलग तरीके के आरोप लगा के भागना
तीसरा उपाय - प्रभु केजरीवाल के गाये गए ऑस्कर विनिंग भजन " इंसान का इंसान से हो भाईचारा" को बिना रुके हैडफ़ोन पे 10 बार सुनना.

दुर्योधन "कॉर्पोरेट टाइप" आदमी निकला. उसने दूसरा उपाय चुना ताकि लोगो से नेटवर्किंग हो जाये जो आगे चल के काम आये और काम ना आये तो बस कहने को हो कि 1000 लोगों को जानता है.


खैर , 1000 में से 300 लोगों से मार खाने के बाद आखिरकार तपस्या पूरी हुई और XXL साइज का स्वेटर , बिना बेल्ट के एक ढीली से पेंट , काला मफलर और सैंडल धारण किये हुए एक बहुत ज्यादा आम सा दिखने वाला आदमी गिरगिट के ऊपर बैठ कर धरती पर अवतरित हुआ. सारी रणभूमि "आम आदमी ज़िंदाबाद" , "5 साल केजरीवाल" और "यही तो स्कैम है जी"  के नारों से गूंज उठी. अरे यही तो प्रभु केजरीवाल थे! संजय जो धृतराष्ट्र को महाभारत का आँखों देखा हाल बता रहे थे , आम आदमी के भगवान की ऐसी दयनीय हालत देख के उनकी आँखें भर आई और वो भी "5 साल केजरीवाल" का नारा लगाने से खुद को रोक नहीं पाये.


आम आदमी के रूप में प्रकट होते प्रभु केजरीवाल



प्रभु केजरीवाल ने दुर्योधन को "ईमानदारी का सर्टिफिकेट" देते हुए कहा " हे दुर्योधन ! हमने तुम्हारी जांच अपने "लोकपाल" से ही करवा ली है तुम लालू जी से भी ज्यादा ईमानदार हो और आज से हम तुम्हारे साथ हैं!" ये आम आदमी की लड़ाई है. हम और तुम कौन हैं जी .. आम आदमी ही तो हैं.  और इस तरह से प्रभु केजरीवाल ने "आम ज्ञान" देके सबको धन्य किया.

 शकुनि मामा ने चालाकी दिखाते हुए प्रभु केजरीवाल से लड़ाई की "जनरल टर्म्स एंड कंडीशन" के तहत 420 रुपए के बांड "नो यू टर्न" पर दस्तखत ले लिए. लेकिन प्रभु केजरीवाल के आरोपों से कौन भाग पाया है ? प्रभु ने 370 पेजों वाली शीला दीक्षित वाली रिपोर्ट का हवाला देते हुए बांड पेपर को नकली बताया और टर्म्स एंड कंडीशंस कहीं भी "संविधान" में नहीं लिखा है कह कर पेपर जला दिया. प्रभु के इस अद्भुत चमत्कार को देख के शकुनि मामा और दुर्योधन ने अपने आप को प्रभु के चरणों में समर्पित कर दिया और उनके "आंतरिक लोकपाल" में शामिल होने की इच्छा जताई. प्रभु ने "खांस" कर मना कर दिया.

टर्म्स एंड कंडीशंस के पेपर जलाते प्रभु केजरीवाल



तभी ये क्या ? प्रभु ने देखा कि आधी सेना तो उनके कंट्रोल में ही नहीं है और वो पांडवों की तरफ से लड़ रही है .बस फिर क्या था प्रभु पूर्ण स्वराज के साथ पूरी सेना की मांग लेके धरने पे बैठ गए. प्रभु का धरना एक योगी की तपस्या से भी लम्बा होता है. सब धरने के खत्म होने के इन्तेजार में थे.............

प्रभु के धरने में बैठते ही धरती हिलने लगी , भूचाल सा आ गया ... तभी चेहरे पे चटाक एक तमाचा पड़ा और मम्मी
चिल्लाई - उठ जा अब नहीं तो बिस्तर समेत बाहर फेंकती हूँ.

दर्द हुआ लेकिन बड़ा सुकून मिला कि अभी कलयुग चल रहा है और द्वापर तो पहले ही समाप्त हो गया है जिसमे पांडव ही जीते थे और भगवान श्री कृष्ण ने ही गीता ज्ञान दिया था.
तभी पता नहीं किसने कान में चुपके से कहा " यही तो स्कॅम था जी " ;)


  - रोहित जोशी उदास "आम अादमी"


Monday, January 19, 2015

अधूरी कहानी

 आज पुरानी यादों से कुछ गुफ्तगू करने का वक़्त मिल गया वरना तेरी याद आते ही ये दिल शराब की बातें करने लगता है और दिमाग तेरी! और जब दिल दिमाग दोनों मिल जाएं तो वह मेरी रोज की शाम बन जाती है! अब शिकायत मत करना कि मैं रोज शराब क्यों पीता हूँ !
खैर आज यादों से फुर्सत मिली ही थी कि कुछ ख्यालों ने दिमाग पे बड़ी जोर से दस्तक दे दी। और कुछ झूठी बातो के सामने आयना रख दिया।

मेरी दुनिया छोटी थी, मध्यम वर्गीय वाले सपने और वैसे ही उम्मीदें! वक़्त सीमित ही रहता है तो साथ में कुछ अपने से मेल खाने वाले सपने भी बुन लिए ! इसी बीच समझ आया की तुम्हारे सपने मेरी हक़ीक़त से बड़े थे! इतने बड़े कि मन एक कदम एक पल के लिए रुक गए और एक तरफ़ा समझौते! प्यार में समझौते प्यार प्यार में हो जाते हैं लेकिन शायद इनकी भी कुछ सीमाएं होती हैं! ये सीमाएं प्यार करने से पहले नहीं खींची जाती और बाद में खींचना बहुत मुश्किल!

खैर दोनों आगे बढे एक ही मंजिल की तरफ लेकिन शायद धीरे धीरे रास्ते अलग हो रहे थे । मैंने कच्चे रास्ते चुने और उसने पक्की सड़क। मुझे अपने जाने पहचाने रास्तों पे भरोसा था तो उसे पक्की सड़कों की रफ़्तार पर । अब दोनों रास्तों की मंजिलें भी अलग हो गयी थी और दोनों मुसाफिरों की रफ़्तार भी। 

शायद कभी यह कच्चा रास्ता उस पक्की सड़क से जा मिले। पर यह ना मिले तो बेहतर है क्योंकि जब कच्चे रास्ते पक्की सड़कों से मिलते हैं तो ये रास्ते वहीं पे ख़त्म हो जाते हैं। और उनका सफ़र भी। कच्चे रास्तों से अब प्यार सा हो गया है जब कभी ठोकर लगती है और गिरना होता है तो दर्द कम ही होता है वर्ना पक्की सड़कों पे खतरा ज्यादा है। हमें अपने रास्ते मुबारक तुम्हें सड़क।

कहानी अधूरी रही लेकिन पूरी रही ।




Monday, November 10, 2014

"मोदी" - समझने के लिए सीमाएं जरुरी

नरेंद्र मोदी , एक ऐसा नाम जिसे समझने में बहुत से लोगो ने बहुत जल्दी करी और उस समझ को अपने पास रख लिया, कुछ ने दूर से समझा,कुछ ने समझने के बाद उसे नासमझने का भरपूर प्रयास किया और कुछ ने समझने का प्रयास ही नहीं किया!

एक प्रयास किया है नरेंद्र मोदी या कहें किसी को भी परखने के लिए "समझ की सीमाएं" खींचने का! बादलों , समंदर और पर्वतों के द्वारा ! 

नारंगी बादलों की टोली देखी! 
काला,सफ़ेद,भूरा बादल आज नारंगी रंग में मदमस्त झूम रहा है! 
शायद परेशान है शायद खुश!
किसे पता? 
सिर्फ चेहरा ही, पहचान नहीं होता !

समंदर की लहरें,आज कुछ ज्यादा गुस्से में थी,
वापसी में कुछ मोती छोड़ के गयी थी!
शायद नाराज़ थी शायद प्यार में,
किसे पता?
कुछ पल का हिसाब ही , अंजाम नहीं होता!

दूर से नज़र पहाड़ पे पड़ी,कठोर विशाल, भयानक!

लेकिन मिट्टी,पेड़, झरना और फूल सब कुछ समेटे हुए
शायद बाहर से कठोर ,शायद अंदर से मुलायम?

किसे पता?
पत्थर हमेशा कठोरता का प्रमाण नहीं होता !


सिर्फ चेहरा ही, पहचान नहीं होता !



कभी देखने में दिक्कत हो तो जरुरी नहीं कि नज़र ही ख़राब हो , आईने में धूल भी जमी हो सकती है!

- रोहित जोशी





Wednesday, November 5, 2014

स्वच्छ भारत मिशन - सपना या हकीक़त !

स्वच्छ भारत मिशन शुरू हुए बहुत दिन हुए, बहुत कम समय लगा इस मिशन को समझने में लेकिन बहुत ज्यादा समय लगेगा इस मिशन को हकीकत बनते देखने में! मिशन शुरू हुआ और सब में कुछ अजीब सा अटपटा सा सन्देश देता हुआ आगे बढ़ा कि भाई अब सफाई भी कर लो! आपके लिए ही कह रहे हैं!
जब कुछ लोगो को टीवी पे देखा तो ख्याल आया -
भाई गज़ब हुआ
चमत्कार हो गया
आज साल में दूसरी बार लोगो को
देश से प्यार हो गया!
( साल का एकमात्र प्यार बस 15 अगस्त को आता है और 16 अगस्त को चला जाता है!)

इसी बीच एक पढ़ी लिखी प्रजाति का मानुस से मैंने पूछा तो बोलता है कि
भाई अब सब कुछ साफ़ साफ़ रखुंगा
कसम देश की है
सफाई के पल पल का हिसाब रखुंगा!

मज़ा सा आ गया ऐसी बातें सुन के लेकिन तभी उसने डकार लेते हुए खाली lays का पैकेट का पत्थर बनाते हुए कूड़ेदान पे निशाना लगाया और अंडर हैंड थ्रो कर दिया ! निशाना लगाया तो जोंटी रोड्स समझ के लेकिन निशाना सरकारी योजनाओं की तरह सही दिशा से कोसो दूर मंजिल को बस दूर से देख के निकल गया!
अब वो lays का पैकेट उसे दूर से निहार रहा था , अपनी मजिल से दूर .और उसने ohh Shit!  कहते हुआ नजर बचायी और आगे बढ़ गया ! और बिना कुछ कहे सब कुछ कह गया !
मैंने तुरंत बोला - भाई अभी तो सफाई की कसम खायी थी , अब रसम कब निभाओगे ,
जवाब आया - पैकेट पास में ही तो पढ़ा है , अब और कितना करवाओगे ?

गज़ब ! अदभुत !

उसके शब्द मैं निःशब्द !

स्वच्छ भारत मिशन - वाह ! अभियान की शुरुवात कुछ वैसी ही थी जैसे सचिन ने अख्तर की पहली ही बॉल पे स्ट्रैट ड्राइव "डाबर लाल दंतमंजन चौका" दे मारा हो ! और वो सचिन की कातिलाना स्ट्रैट ड्राइव पोज़! गज़ब! और लगा मानो जनता ने सचिन सचिन के नारों से मैदान को ऐसा एलेक्ट्रिफाई कर दिया हो कि सैमसंग स्मार्ट फ़ोन भी २ मिनट में फुल चार्ज हो जाये और साथ में २ दिन बैटरी बैक अप वो भी इंटरनेट चालू रहते हुए ! बड़ा भोकाली माहौल था ! कसम कोबी भेड़िया की!

खैर स्वच्छता मिशन एक बहुत ही अच्छी सोच है लेकिन इसे पूरा किसे करना है ? सरकार को ? सफाई कर्मचारियों को ? या स्वच्छता चैलेंज लेके अच्छी सी फोटो ( अच्छी का अभिप्राय कूड़े के साथ वाली फोटो से है) खिचाने वाली हस्तियों को?
इनमे से किसी को भी नहीं ! यह काम हर किसी है ! आपका है! हमारा है ! हम सबका है!
यह मिशन एक सोच को दिल में बसाने से है ! खुद को अनुशाषित बनाने का है ! वक़्त लगेगा लेकिन एक दिन सोच बदलेगी जब सार्वजनिक संपत्ति को लोग अपनी और देश की संपत्ति कहेंगे!
जिस दिन यह सोच आएगी , भारत बदल जायेगा !


वन्दे मातरम!

रोहित जोशी